Friday, 21 March 2025

मैं वापिस आऊंगी

 मेरा नाम इतना भी कॉमन नहीं है कि किसी और की जगह मुझे ईमेल आ जाए। फिर दफ्तर में हमारा इंटरेक्शन भी अब उतना नहीं था।

उस दिन अचानक जब उसका ईमेल आया तो मैं चौंक गया। बहुत सारे नामों की फेहरिस्त के अंत में था मेरा नाम। जैसे जान बूझ के लिखा हो, और बाद में हटाना भूल गई हो। मेरा नाम उसके आउटलुक की कैश में इतने साल बाद भी मौजूद है।

किसी के सवाल के जवाब में उसने लिखा था, "आय विल गेट बैक टू यू"। 

फैमिली यूनिट

 फैमिली यूनिट


"मम्मी हमें फोर्थ क्लास में भी फैमिली यूनिट के बारे पढ़ाया था और फिफ्थ में भी यही सब पढ़ा रहे हैं। न्यूक्लियर फैमिली, जॉइंट फैमिली पढ़ पढ़ कर मैं बोर हो गया हूँ।"


बिट्टू की बात सुन माँ मुस्कुरा रही थी।


"इस से अच्छा तो फैमिली इशुज़ के बारे पढ़ाना चाहिए स्कूल में। हाऊ टू डील विथ जनरेशन गैप इन फॅमिली। है ना मम्मी?"


बिट्टू की बात सुन माँ की आँखें नम हो गईं।


~नकुल गौतम

त्यौहार

 #त्योहार


"बड़े तेज़ कदमों से बाज़ार की तरफ जा रहे हो? सब ठीक?" इकबाल ने फ़िरोज़ को टोका।


ठिठकते हुए फ़िरोज़ ने इकबाल को देखा और बोला, "मिठाई लेनी है और घर में कुछ मरम्मत के काम के लिये प्लम्बर को भी बोलना है। थोड़ा जल्दी में हूँ। दीवाली के बाद मिलते हैं।"

    "एक फुलझड़ी का डिब्बा और आधा किलो काजू बर्फी मेरे लिये भी ले आना। मैं किसी के हाथ रुपये भिजवा कर तुम्हारे घर से मँगवा लूँगा", इकबाल बोला।

    ठीक है, बोलकर फ़िरोज़ ने अपने कदम फिर से तेज़ किये।

रमेश ने शर्मा जी से पूछा, "पिता जी! ये चचा तो मुसलमान हैं, फिर दीवाली की तैयारी में क्यों लगे हैं"?

 शर्मा जी बेटे के प्रश्न पर मुस्कुराए। "बेटा दीवाली पर शहर के स्कूलों में छुट्टियाँ होती हैं। जब पोते पोतियाँ घर आएं तभी त्योहार मनता है। पोतों के आने पर ईद या दीवाली में कोई फर्क नहीं रहता।"


स्वरचित एवं मौलिक

~नकुल गौतम

Saturday, 10 July 2021

ज़िंदादिली

 पिछले हफ़्ते जब BMC की गाड़ी आकर अन्ना के ठेले का सारा सामान उठा कर ले जा रही थी, तब अन्ना का गला भर आया था। पिछले तीन बरस में जिसे हमेशा मुस्कुराते देखा हो, उसे उदास देखना आसान नहीं था। 

अन्ना के यहाँ चाय पीने का लुत्फ़ अपना ही है। दफ़्तर के कैफेटेरिया में उपलब्ध बकबकी सी चाय से कहीं बेहतर होती है अन्ना की केतली की गर्म चाय।

अन्ना का ठेला भी कोई आम ठेला नहीं है। अन्ना का ठेला दरअस्ल एक स्कूटर है जिस की पिछली सीट पर चाय का बड़ा डिब्बा धरा रहता है।

हम मित्रों ने अन्ना की कमाई के कईं कयास लगाए। बहुत कमाई होगी अन्ना की। इन चर्चाओं का मुख्य आधार अन्ना के ठेले से कुछ दूरी पर खड़ी कार है, जिसे  अन्ना एक स्टोर की तरह इस्तेमाल करते हैं। इस कार में अन्ना कंफेक्शनरी का बड़ा जखीरा रखते हैं।

कमीज़ के खुले बटन, घुंगराले बाल, मूछें और मुस्कान अन्ना की पहचान हैं। इलाके के सभी लफ़ंडर चाय पीने यहीं आते है।

कुछ इंटेलेक्चुअल किस्म के लोग अन्ना के ठेले के विरोधी भी हैं क्यों कि ठेला गैर कानूनी है। लेकिन बरसों से चला यह रोज़गार उनके घर चलाने का एक मात्र ज़रिया है। हर मौसम में उपलब्ध पेट भरने का जुगाड़ दरअस्ल गरीबों के लिये भी एक वरदान जैसा है।


आज ऑटो से उतरते ही कान में अन्ना की आवाज़ पड़ी। दूर से इशारा करके बुलाया। आज अन्ना की बेटी का जन्मदिन है। सभी को बुला बुला कर मुफ़्त समोसा खिला रहे हैं। इसे आप मार्केटिंग स्ट्रेटेजी का नाम भी दे सकते हैं। मेरे लिये यह उनकी रिश्ते निभाने की एक कोशिश है। समोसा गर्म भी है और स्वादिष्ट भी। उस दिन, जब BMC की गाड़ी उनका सारा सामान उठा ले गयी थी, तब भी इतना नुकसान नहीं हुआ होगा जितना आज वो समोसों में खर्च कर रहे हैं। बड़ी बात यह कि समोसे खुद नहीं बना रहे, एक पड़ोस की दुकान से आर्डर किये हैं, ताकि वो सब से बात कर सकें।

आज अन्ना की मुस्कान रोज़ से दोगुनी है।

किसी ने सत्य कहा है कि '#ज़िन्दगी_ज़िंदादिली_का_नाम_है'।

😊

Friday, 16 October 2020

ज़िन्दगी_calling

 #ज़िन्दगी_calling


दफ़्तर की मसरूफ़ियत में कभी कभी फ़ुर्सत के कुछ लम्हे मिलते हैं जो अक्सर चाय के साथ फोन पर ही बीतते हैं। दफ़्तर में मैं अक्सर फोन नहीं उठा पाता और अगर कोई जाने पहचाने नम्बर से मिस्ड कॉल हो तो इन्ही लम्हों में कॉलबैक किया करता हूँ।

 ऐसे ही एक ब्रेक में चाय की पियाली के साथ फोन पर मिस्ड कॉल्स देख रहा था कि अचानक फोन बजने लगा। फोन पर मेरा ही नाम मेरे ही नम्बर के साथ उभरने लगा।  ज़ाहिर है कि मैं हैरान था।  फोन उठाया तो मीठी सी आवाज़ में उसने कहा, "हेलो, मैं ज़िन्दगी बोल रही हूँ, क्या मेरी बात नकुल गौतम जी से हो रही है?"


"जी कौन बोल रही हैं", मैंने सुनिश्चित करना चाहा।

"जी मैं ज़िन्दगी बोल रही हूँ ", जवाब और भी मीठी आवाज़ में था।

"जी हाँ, मैं नकुल गैतम ही बोल रहा हूँ"

"नकुल जी, क्यों कि आप लम्बे समय से हमारी सेवाएं ले रहे हैं, सो यह एक फीडबैक कॉल है। आपके पाँच मिनट लेना चाहती हूँ। क्या यह उचित समय रहेगा?"

"जी हाँ, कहिये", मैंने अपनी घड़ी को देखते हुए कहा।


"आपको बता दूँ कि आपकी सभी बातें रिकॉर्ड की जाएंगी। क्या आप इसके लिये अनुमति दे सकते हैं", उसने अनुरोध किया।

"जी बिल्कुल", मैं और भी आश्चर्य चकित हुआ।

 "क्या मैं जान सकती हूँ कि आपको हमारी सेवाएं कैसी लग रही हैं" 

"मैं काफी हद तक संतुष्ट हूँ", असमंजस में पड़ते हुए मैंने कहा।

"एक से पाँच के स्केल पर, जिसमें 'एक' मतलब बिल्कुल संतुष्ट नहीं और 'पाँच' मतलब बिल्कुल संतुष्ट, आप हमें गुणवत्ता में क्या स्थान देंगे"।

"यह तो दुविधा में डाल दिया आपने, आप किसी विशेष सेवा की बात करें। सभी सेवाओं को कैसे एक अंक में तौल सकते हैं", मैं उलझन में था।

"जी आप औसतन अंक दे सकते हैं; खुशी, समृद्धि, व्यवसाय, संतुष्टि, प्रेम, परिवार इत्यादि सभी को ध्यान में रखते हुए।"


"जी मैं बिल्कुल संतुष्ट हूँ, मैं पाँच अंक देना चाहूँगा", मैंने विनम्र होने की कोशिश में कहा।

"जी शुक्रिया। क्या मैं जान सकती हूँ कि आप को हमारी कौन सी सेवा सबसे अच्छी लगी", ज़िन्दगी ने अगला सवाल किया।

"यह तो बहुत कठिन है। सब सुविधाओं में एक को चुनना बहुत कठिन है, मैंने सोचते हुए कहा।

"जी खुशी, प्रेम, क्रोध इत्यादि संवेदनाएं, परिवार, प्रकृति जैसी सुविधाएं, बदलते मौसम, अनेकों रंग, हज़ारों तारे, अगणित स्वाद  इत्यादि बहुत सी चीज़ों में से सबसे उपयोगी आप किसे मानते हैं?"

"प्रेम और परिवार", मैंने गहरी साँस लेकर कहा।

"जी शुक्रिया, आप को हमारी कौन सी सुविधा या किस सेवा से सबसे अधिक शिकायत रही है", अगला प्रश्न और उलझन भरा था।

"जैसे..." मैंने विकल्पों की जिज्ञासा में पूछा।

" जैसे कष्ट, विछोह, परेशानियाँ, अपराध, सामाजिक दबाव, दर्द इत्यादि"

"जी इनमें से ऐसा कुछ नहीं जिससे मुझे शिकायत हो। ये सब तो जीवन को रोमांचक बनाते हैं। अगर मुझे शिकायत है तो सिर्फ इस बात से कि मुझे मेरी मेहनत के अनुसार फल नहीं मिलता", मैंने बहुत सोच विचार के बाद कहा।

"जी शुक्रिया, आपकी मेहनत का फल आपकी इच्छाशक्ति पर निर्भर करता है।"

"क्या आप अपने प्रियजनों को हमारी सेवाओं का लाभ उठाने की सलाह देंगे", अगला प्रश्न था।

"जी वे सब तो आपकी सेवाएं ले ही रहे हैं। इस प्रश्न का क्या औचित्य है", मैं असमंजस में था।

"जी हमारे कैटालॉग के अनुसार यही अगला प्रश्न है। क्या आप उन्हें फिर से हमारी सेवाओं की सलाह देंगे"।

"जी बिल्कुल। जीवन बहुत खूबसूरत है। अगर यह नहीं होता तो हम इस पर चर्चा ही कैसे करते। जैसा कि किसी विद्वान ने कहा है, ज़िन्दगी में सबसे महत्वपूर्ण ज़िन्दगी ही तो है", मैंने उत्साहित होकर कहा।

"क्या आप कोई प्रश्न करना चाहते हैं", अगला प्रश्न था।

"जी, मैं कौन हूँ, परम सत्य क्या है", मैंने पूछा।

"जी इस प्रश्न का उत्तर देने की हमें अनुमति नहीं। इस प्रश्न का उत्तर ढूंढना आपका उत्तरदायित्व है", उत्तर मिला।

"तो यह बता दीजिये कि मृत्यु के बाद क्या होता है", मैंने प्रश्न किया।

"जी मृत्यु भी जीवन का ही भाग है", उत्तर मिला।

"मतलब, कृपया विस्तार से बताइये", मैंने फिर प्रश्न किया।

"जी मुझे एक ही प्रश्न का उत्तर देने की अनुमति है। लेकिन क्योंकि आप हमारे लकी कस्टमर हैं, आपको इसका उत्तर मृत्यु के ठीक पहले मिल जाएगा"

"लकी कस्टमर? ऐसा क्यों", मैं ने खुश होकर पूछा।

"जी, हमारे सभी कस्टमर लकी हैं। आपको जीवन मिला यह आपकी खुशनसीब है", बहुत ही मीठी आवाज़ में उत्तर मिला।

"जी शुक्रिया। मैं समझ गया", मैंने संतुष्ट होते हुए कहा।

"जी आपकी इस बातचीत को हमने रिकॉर्ड किया है। यदि आप इस के कुछ अंश अपनी फ़ेसबुक वॉल पर शेयर करेंगे तो हमारी तरफ से आपको कैश बैक दिया जाएगा", आवाज़ और मीठी हो गयी।

"कैश बैक? वह कैसे" मैंने पूछा।

"जी आपके मित्र इसे पढ़ेंगे और इसे लाइक, शेयर करेंगे। आप मुस्कुरायेंगे। मुस्कुराहटें जीवन का सबसे कीमती उपहार हैं। आप मुस्कुराहटें बांटिए आपको भी मिलेंगीं", उत्तर मिला।

"जी बहुत बहुत शुक्रिया, आप से बात करके अच्छा लगा", मैंने हँसते हुए कहा।

"जी हमें भी। अपना कीमती समय देने के लिए शुक्रिया। आपका दिन शुभ हो", कहते हुए फोन कट गया।

मैंने चाय का पियाला रक्खा और टाइप करने बैठ गया।


नकुल गौतम

Tuesday, 1 September 2020

तथास्तु

 

कहते हैं कि ईश्वर केवल तथास्तु कहना जानते हैं। ईश्वर हर पल कहीं न कहीं किसी की बात सुन कर तथास्तु कहते रहते हैं। ऐसे में हर व्यक्ति की बारी कब आ जाये, कहा नहीं जा सकता।


शर्मा जी के जीवन में दो बार ऐसा हुआ और दोनों ही बार वो पछताये।

पहली बार ऐसा तब हुआ जब वे कॉलेज में थे और अपनी रईस प्रेमिका को रिझाने के लिये उन्होंने झूट कह दिया था कि वो किसी रियासत के राजकुमार हैं। जब कॉलेज खत्म होने को था तब वे सच सामने आ जाने के भय से ग्रसित हो गये। घबराहट में एक दिन सोचने लगे कि भांडा फूटने से पहले ही प्रेमिका विवाह के लिए इनकार कर दे तो वे बच जायें। दुर्भाग्यवश इसी दिन ईश्वर के यहाँ उनकी हाजिरी थी। ईश्वर ने तथास्तु कहा और अगले प्रार्थी की ओर मुड़ गये। अगले ही दिन प्रेमिका सॉरी कह निकल गयी। शर्मा जी वास्तव में ऐसा चाहते नहीं थे। वे तो बहुत प्रेम करते थे। बस घबराहट में ऐसा माँग बैठे थे। बहुत पछताये लेकिन अब तो चिड़िया खेत से फ़ुर्र हो चुकी थी। 
कई बरस बाद कल फिर उनकी बात पर ईश्वर ने तथास्तु कहा। सोते समय कॉलेज के दिनों को दिल में टटोलते हुए वे सोच रहे थे कि काश उसकी कोई खबर मिल जाय। ईश्वर ने फिर तथास्तु कहा। अगले दिन नाश्ते के बाद चाय के साथ अखबार पलटते हुए उनकी नज़र उस जानी पहचानी सूरत पर पड़ी। विवरण पढ़ते ही उन्होंने ऊपर सिर उठाया और ईश्वर को कोसने लगे।
अखबार पर तस्वीर के साथ विवरण था, "आप को भारी मन से सूचित किया जाता है कि हमारी माता जी का देहांत हो गया है। शोक सभा कल शाम को गुजराती समाज कल्याण भवन में आयोजित होगी। कृपया फोन न करें।

नकुल


Tuesday, 18 August 2020

खुदकुशी

पहाड़ी इलाकों की खासियत है कि दूर दूर तक साफ देखा जा सकता है। बहुत सी पहाड़ियाँ आसपास हों तो एक पहाड़ी की चोटी से दूसरी पहाड़ी पर आराम से दिखायी देता है। किशोरवस्था में नज़र भी तो कमाल हुआ करती थी।

इस पहाड़ी पर किशोरावस्था में रमेश घंटों इंतजार किया करता था। सामने की पहाड़ी की चोटी पर सपना का घर था जिसे वह घर से निकल कर स्कूल जाते हुए रोज़ देखा करता था। इस पहाड़ी पर रमेश को सपना नहीं देख सकती थी, लेकिन रमेश रोज़ उसे देखता था।

जीवन के इस पड़ाव पर कोई महत्वाकांक्षा, कोई आकर्षण, कोई सम्भावना बाकी नहीं रही थी। सब कुछ तयशुदा सा हो रहा थी। कोई उत्साह, कोई उमंग नहीं थी। पाने की इच्छा भी नहीं रही थी और ना उम्मीद ही थी। यही सोचते हुए रमेश धीरे धीरे पहाड़ी पर चढ़ रहा था। रमेश इसी पहाड़ी से कूद कर जान देने जा रहा था।

पहाड़ी की चोटी पर पहुँच कर उसने एक नज़र सपना के घर की ओर डाली और महसूस किया कि सब कुछ बदल सा गया था। जहाँ सिर्फ एक घर हुआ करता था, वहाँ पूरा मोहल्ला था। नज़र भी अब चुस्त नहीं रही। चाह कर भी वह सपना का घर ठीक से नहीं देख पा रहा था।

पहाड़ी से छलाँग लगाने से पहले उसने इस पहाड़ी को पलट कर देखा। दूर एक कोने में एक लड़का गहरी नीली स्वेटर पहने दिखायी दिया। रमेश दबे पाँव उस ओर गया। उस लड़के का ध्यान रमेश पर ज़रा भी नहीं गया। कितनी बेपरवाह होती है यह उम्र। लड़के से कुछ दूरी पर पहुँच कर उसने महसूस किया कि वह लड़का कितनी ही उम्मीद से सामने की पहाड़ी पर नज़र टिकाये बैठा था। अचानक लड़के के होंठों पर मुस्कान उभर आयी। रमेश ने देखा कि सामने वाली पहाड़ी की चोटी से एक लडक़ी बस्ता उठाये जा रही थी। अचानक रमेश की नज़र एकदम साफ़ हो गयी। उसे अब सपना का घर भी साफ़-साफ़ नज़र आ रहा था।

उस लड़के की नज़र लड़की के कदमों से कदम मिला रही थी। रमेश पीछे हट गया और पहाड़ी से लौट आया। मेरी नाउम्मीदी को किसी और की संभावनाओं पर अंकुश लगाने का कोई हक़ नहीं।

रमेश अब अक्सर छुप छुप कर इस लड़के को देखने पहाड़ी पर जाता है। वह उस लड़के की संभावनाओं में अपने जीवन को खोजने लगा है।

...
नकुल गौतम

मैं वापिस आऊंगी

 मेरा नाम इतना भी कॉमन नहीं है कि किसी और की जगह मुझे ईमेल आ जाए। फिर दफ्तर में हमारा इंटरेक्शन भी अब उतना नहीं था। उस दिन अचानक जब उसका ईमे...